सीतापुर: जनसुनवाई पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में सीतापुर पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त कर कीर्तिमान स्थापित किया है। माह अगस्त की जारी रैंकिंग में जिले को प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान मिला है, साथ ही जिले के 24 थानों ने 100 में से 100 अंक हासिल कर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं नोडल अधिकारी/एएसपी (दक्षिणी) दुर्गेश कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस सेल और थाना टीमों ने शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया। टीम ने पीड़ितों से फीडबैक लेकर उनकी पूर्ण संतुष्टि भी सुनिश्चित की।
मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं से जुड़े मामलों और पारिवारिक विवादों में त्वरित कानूनी कार्रवाई कर पीड़ितों को तुरंत न्याय दिलाया गया। कोतवाली नगर, खैराबाद, सिधौली, महोली और महिला थाना समेत सभी 24 थानों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से पुलिस की कार्यप्रणाली पर जनता का भरोसा और सुदृढ़ हुआ है।

0 टिप्पणियाँ